राजस्थान पुलिस का प्रदेशव्यापी विशेष अभियान का एक सप्ताह,मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ताबड़तोड़ कार्रवाई
|
😊 Please Share This News 😊
|

जयपुर 28 जुलाई(कमलेश आमेटा विशेष संवाददाता) मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं मुख्य सचिव श्री वी श्रीनिवास द्वारा कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठकों में दिए गए निर्देशों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करते हुए राजस्थान पुलिस ने 20 जुलाई से 20 अगस्त, 2026 तक पूरे प्रदेश में एक माह का विशेष अभियान संचालित किया है। महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य प्रदेश में सुदृढ़ कानून-व्यवस्था स्थापित करना, हार्डकोर एवं वांछित अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, नशा तस्करी, साइबर अपराध, अवैध हथियार, अवैध खनन तथा अन्य संगठित अपराधों पर निर्णायक अंकुश लगाना, सीमावर्ती क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाना तथा जनभागीदारी के माध्यम से सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है। अभियान के पहले सात दिनों में ही राजस्थान पुलिस ने विभिन्न मोर्चों पर उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए अपराधियों के विरुद्ध व्यापक कार्रवाई कर राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारा है।
हार्डकोर अपराधियों पर कड़ा एक्शन
महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान पिछले सप्ताह भर में पुलिस टीमों ने दबिश देकर चिह्नित 1,715 हार्डकोर अपराधियों के विरुद्ध 529 प्रभावी कानूनी व निरोधात्मक कार्रवाई की। इस कार्रवाई में 744 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। जोधपुर रेंज ने सर्वाधिक 331 अपराधियों को गिरफ्तार कर प्रथम स्थान पर रही वहीं उदयपुर रेंज ने 100 अपराधियों को गिरफ्तार कर द्वितीय व बीकानेर रेंज ने 67 अपराधियों को गिरफ्तार कर तीसरा स्थान बनाया। अजमेर रेंज और जयपुर आयुक्तालय ने 60—60 अपराधियों को गिरफ्तार किया।
नशे के नेटवर्क पर करारा वार: 339 प्रकरण दर्ज, 477 आरोपी गिरफ्तार मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए गए अभियान में पुलिस ने 339 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज कर 477 आरोपियों को गिरफ्तार किया। नशा तस्करों के खिलाफ सबसे घातक प्रहार बीकानेर रेंज में देखने को मिला, जहाँ सर्वाधिक 83 प्रकरण दर्ज कर 110 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा गया। इसके अलावा जयपुर आयुक्तालय में 48, कोटा रेंज में 41 व जयपुर रेंज में 34 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज किए गए।
साइबर अपराधियों पर शिकंजा: 2.45 करोड़ बरामद, 86.83 लाख पीड़ितों को लौटाए
साइबर फ्रॉड के खिलाफ चलाए गए अभियान में पुलिस ने 1245 साइबर अपराधियों पर कार्रवाई करते हुए 258 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस टीमों ने अपराधियों के पास से 2 करोड़ 45 लाख 77 हजार 652 रुपये की राशि बरामद की, जबकि 86 लाख 83 हजार 843 रुपये पीड़ितों को वापस दिलाए। इस मामले में जयपुर आयुक्तालय ने 68 लाख से अधिक तथा जयपुर रेंज ने 58 लाख से अधिक की राशि बरामद की।
अवैध हथियार, खनन और बीएनएस की धाराओं में कार्रवाई
1. अवैध हथियार: आर्म्स एक्ट के तहत 132 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें भरतपुर रेंज (42), जयपुर रेंज (21) और बीकानेर रेंज (19) प्रमुख रहे।
2. अवैध खनन: अवैध खनन के खिलाफ पूरे प्रदेश में 260 प्रकरणों में कार्रवाई की गई, जिसमें अजमेर रेंज में 73 तथा जयपुर रेंज में 53 मामले दर्ज हुए।
3. 170 BNS कार्रवाई: शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु 3337 मामलों में 170 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।
नाकाबंदी और यातायात अभियान: 86 हजार से अधिक वाहनों पर एमवी एक्ट में कार्रवाई
प्रदेशभर में 9 हजार 683 प्रभावी नाकाबंदी पॉइंट बनाकर 2 लाख 90 हजार 201 वाहनों की सघन जांच की गई। इस दौरान यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कुल 86793 वाहनों पर मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के तहत कार्रवाई की गई।
इसमे बिना हेलमेट 205874 वाहन चालको, बिना सीट बेल्ट 5275 वाहन चालक, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 4587 चालक, काली फिल्म लगे 7182 वाहन के विरूध्द कार्रवाई की गई।
सुरक्षित यातायात के लिए 2 लाख 66 हजार से अधिक कार्रवाई
इस दौरान पुलिस ने यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए 2 लाख 66 हजार 600 वाहनचालकों के विरूद्ध कार्रवाई की, जिसमें तेज गति से वाहन चलाने पर 39,199 कार्रवाई, शराब पीकर वाहन चलाने पर 5622, बिना हेलमेट 46906, ओवरलोड वाहन 80734 और अन्य 94139 कार्रवाई की गई है।
महिला सुरक्षा जागरूकता और कम्युनिटी पुलिसिंग
अभियान के तहत महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 3199 जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इसके साथ ही आमजन में सुरक्षा का भाव मजबूत करने और पुलिस-पब्लिक संवाद बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में 3199 जागरूकता अभियान संचालित कर 551 कम्युनिटी लाइजन ग्रुप (सीएलजी) बैठकों का आयोजन किया गया।
कानून का खौफ ही हमारी प्राथमिकता- डीजीपी
राजस्थान पुलिस प्रदेश में कानून और व्यवस्था को अक्षुण्ण रखने, संगठित अपराध, नशा तस्करी, साइबर ठगी और महिला अपराधों पर पूर्णतः अंकुश लगाने के लिए संकल्पबद्ध है। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर पुलिस का यह महा-अभियान 20 अगस्त तक इसी कड़ाई से जारी रहेगा। हमारा एक ही लक्ष्य है अपराधियों के दिलों में कानून का खौफ और आमजन के मन में पुलिस के प्रति अटूट विश्वास।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |
More Stories
[responsive-slider id=1466]
