जिले की ग्राम पंचायतों में ‘विकसित भारत-जन सेवा अभियान 2026’ के अंतर्गत 19 सितम्बर से 25 सितम्बर तक आयोजित होंगे ‘ग्रामीण सेवा शिविर’
|
😊 Please Share This News 😊
|

जालोर 18 सितम्बर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में ‘विकसित भारत-जन सेवा अभियान’ 2026 के अंतर्गत 19 सितम्बर से 25 सितम्बर 2026 तक ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे की अध्यक्षता में पूर्व तैयारियों हेतु बैठक सम्पन्न हुई।जिला कलक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे ने संबंधित विभागीय एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को विकसित भारत-जन सेवा अभियान 2026 के अंतर्गत आयोजित होने वाले ग्रामीण सेवा शिविर की आवश्यक तैयारियां यथा आयोजन शिविर स्थल, विद्युत एवं पेयजल सुविधा व बैठक व्यवस्था आदि को सुनिश्चित करने तथा अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में 17 सितम्बर से शुरू हुए विकसित भारत-जन सेवा अभियान की वर्तमान प्रगति की समीक्षा करते हुए अभियान के तहत पूर्ण हुए विभिन्न इवेंट्स को वीबीएसए पोर्टल पर इन्द्राज करने की भी बात कहीं।
इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नंद किशोर राजोरा ने बताया कि विकसित भारत-जन सेवा अभियान 2026 के तहत 19 सितम्बर से 25 सितम्बर ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पेयजल, विद्युत, सड़क एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुडी समस्याओं का एक ही जगह पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विकसित भारत-जन सेवा अभियान 2026 के तहत ग्रामीण सेवा शिविर में राजस्व विभाग द्वारा राजस्व अभिलेखों एवं खातों का शुद्धिकरण, खातों का विभाजन, रास्तों संबंधी प्रकरणों का निस्तारण, नामांतरण (म्यूटेशन), सरकारी एवं चारागाह भूमि से अतिक्रमण हटाने, भूमिहीन किसानों को भूमि आवंटन, खातेदारी अधिकार प्रदान करने, सीमाज्ञान, आबादी विस्तार एवं विभिन्न प्रकार के प्रमाण-पत्र जारी करने की कार्यवाही की जाएगी। राजीविका के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों के गठन, बैंक खाता खुलवाना और बैंक लिंकेज की प्रक्रिया को गति देना। पंचायती राज विभाग द्वारा सामुदायिक स्वच्छता परिसर की स्वीकृतियां जारी की जाएगी, अक्रियाशील सामुदायिक स्वच्छता परिसरों को क्रियाशील बनाया जाएगा, सोख्ते गड्ढे व मैजिक पिट की स्वीकृतियां जारी की जाएगी एवं पूर्व में निर्मित की साफ-सफाई की जाएगी, आरआरसी केन्द्रों को क्रियाशील की जाएगी, ठोस कचरा अपशिष्ट नियम 2026 की जानकारी आमजन को दी जाएगी व ‘स्वच्छता ही सेवा’ गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा मातृ-शिशु स्वास्थ्य जांच, सर्वाईकल कैंसर एवं सिकल सेल स्क्रीनिंग, टीबी जांच, टीकाकरण किया जाएगा। पशुपालन विभाग द्वारा पशु स्वास्थ्य शिविर, टीकाकरण सहित मंगला पशु बीमा योजना के तहत बीमा पॉलिसियां वितरित की जाएगी।
ग्रामीण सेवा शिविर में ऊर्जा विभाग द्वारा विद्युत सप्लाई, ट्रांसफार्मर एवं बिजली संबंधी शिकायतों का समाधान किया जाएगा। कृषि विभाग द्वारा किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी एवं पात्र मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण किया जाएगा। आयोजना विभाग द्वारा पात्र नागरिकों के जनधन खाते शुरू किए जाएंगे एवं जनाधार योजना से जुडे कार्य किये जाएंगे। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा एनएफएसए से संबंधित लंबित प्रकरणों का निस्तारण, ई-केवाईसी एवं आधार सीडिंग की जाएगी एवं एलपीजी धारकों की आईडी मैप की जाएगी। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा पेंशन सत्यापन, यूडीआईडी कार्ड, कृत्रिम अंग वितरण सहित विभाग संबंधी कार्य किए जाएंगे।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं तक पहुंचाया जाएगा।
श्रम विभाग द्वारा निर्माण श्रमिकों के लिए टूलकिट सहायता योजना के आवेदनों का निस्तारण किया जाएगा। जल संसाधन विभाग द्वारा जल निकासी, जलभराव, बांधों एवं अतिक्रमण से संबंधित प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। परिवहन विभाग द्वारा पात्र व्यक्तियों को रोडवेज बसों के लिए रियायती एवं निःशुल्क यात्रा पास जारी किए जाएंगे। सहकारिता विभाग द्वारा किसानों को फसली ऋण योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा। शिक्षा विभाग द्वारा नामांकन वृद्धि, छात्रवृत्ति समस्याओं के समाधान करवाए जाएंगे।
शिविरों में आयुर्वेद एवं भारतीय चिकित्सा पद्धति विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित कर आवश्यक दवाइयों का वितरण किया जाएगा। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भू-जल विभाग द्वारा पेयजल व्यवस्था, हैंडपंप मरम्मत, जल गुणवत्ता जांच तथा पाइपलाइन लीकेज की समस्याओं का निराकरण सहित अन्य विभागीय कार्य किये जाएंगे।
बैठक के अवसर पर जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी चिदम्बरा परमार, विशाल छीपा, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के उप निदेशक भूपेन्द्र मकवाणा, आईसीडीएस के उप निदेशक अशोक विश्नोई, सीडीपीओ मनोहर लाल गोदारा सहित अधिकारी-कार्मिक एवं वीसी के माध्यम से ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |
More Stories
[responsive-slider id=1466]
