25 मई से 5 जून तक चलेगा ‘वंदे गंगा‘ जल संरक्षण जन अभियान-जिला कलक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे
|
😊 Please Share This News 😊
|

जालोर 19 मई। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने जल संरक्षण को सुशासन और जनभागीदारी का प्रमुख आधार बनाया है। माननीय मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप प्रदेश में जल संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने वाला ‘वंदे गंगा‘ जल संरक्षण जन अभियान-2026 का शुभारंभ गंगा दशमी के दिन 25 मई से होने जा रहा है। यह अभियान 5 जून तक चलेगा। इसके तहत प्रदेश भर में जल संचयन और पौधारोपण के कार्य किये जाएंगे।
जिला कलक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे ने बताया कि ‘‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’’ का शुभारंभ मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा द्वारा 25 मई को किया जाएगा। इस अभियान का संचालन 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस तक जिलेभर में किया जाएगा। अभियान के तहत जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं जनजागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएगी। प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकाय स्तर तक व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
जल संरक्षण एवं स्वच्छता गतिविधियों पर रहेगा विशेष फोकस
अभियान के तहत श्रमदान, जल स्रोतों की सफाई, पौधारोपण, प्रभात फेरियां, जागरूकता रैलियां, जल चौपाल, संकल्प कार्यक्रम एवं स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। नदी, सरोवर, नहर, बांध एवं अन्य जल स्रोतों की पूजा और सफाई अभियान भी संचालित किए जाएंगे। प्राचीन तालाब, सोख्ता गड्ढों एवं सार्वजनिक जल स्रोतों की साफ-सफाई एवं मैपिंग का कार्य प्राथमिकता से किया जाएगा।अभियान के दौरान विभिन्न प्रदर्शनियां, जल संरक्षण विषयक विचार संगोष्ठियां, पीपल पूजन एवं अन्य पौधों का रोपण, गाद निकालना, चारागाहों का चिन्हीकरण, जल रिचार्ज की विधियों का प्रचार-प्रसार, नालों एवं जल स्रोतों की सफाई, सड़क किनारे एवं ओरण/चारागाह क्षेत्रों में वृक्षारोपण, सोख्ता गड्ढों का निर्माण ‘‘जल सेवा” अभियान, प्रभात फेरी, “नो प्लास्टिक डे”, बीज बैंक गतिविधियां, घास बुवाई, किसान चौपाल, लघु सिंचाई योजनाओं का प्रचार-प्रसार, पौध वितरण, तालाबों की सफाई तथा “जल गौरव सम्मान” जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के लिए सहायक नोडल एवं ब्लॉक नोडल व सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त
जिले में 25 से 5 जून तक चलाए जा रहे वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत जिले में विभिन्न विभागों द्वारा पर्यावरण संरक्षण, वर्षा जल संग्रहण तथा स्वच्छता से संबंधित कार्यक्रम व गतिविधियों को क्रियान्वित किया जाएगा। इस कार्य के लिए जिला कलक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे ने जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी व जल संसाधन विभाग के अधिशासी अभियंता विजेश बालेसा को सहायक नोडल अधिकारी तथा ब्लॉक स्तर पर सभी उपखण्ड अधिकारियों को ब्लॉक नोडल अधिकारी व सभी विकास अधिकारियों को ब्लॉक सहायक नोेडल अधिकारी नियुक्त किया है।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |
More Stories
[responsive-slider id=1466]
