प्रतिभा, अभिव्यक्ति एवं आत्मविश्वास का उत्सव ‘एसईसीएल नारी राग-रंग महोत्सव 2026’ का भव्य शुभारंभ
|
😊 Please Share This News 😊
|

बिलासपुर-12 जून 2026 को श्रद्धा महिला मंडल, एसईसीएल के तत्वावधान में एवं एसईसीएल द्वारा आयोजित “नारी राग-रंग महोत्सव 2026” एसईसीएल मुख्यालय, बिलासपुर में भव्य शुभारंभ हुआ। महिलाओं की प्रतिभा, सृजनात्मकता, अभिव्यक्ति एवं आत्मविश्वास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस महोत्सव में उत्साह, ऊर्जा एवं रचनात्मकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।कार्यक्रम का शुभारंभ एसईसीएल परिवार की प्रथम महिला एवं श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन एवं श्रद्धा महिला मंडल की उपाध्यक्षागण श्रीमती अनीता फ्रैंकलिन, श्रीमती इप्सिता दास, श्रीमती हसीना कुमार तथा श्रीमती शुभश्री महापात्र द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर श्रद्धा महिला मंडल की कार्यकारिणी सदस्याएँ, महिला प्रतिभागी, कर्मचारीगण एवं उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।अपने संबोधन में श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन ने कहा कि “नारी राग-रंग महोत्सव महिलाओं की प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को अभिव्यक्ति देने का एक सशक्त मंच है। यह आयोजन महिलाओं को अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करने, एक-दूसरे से सीखने तथा नई प्रेरणा प्राप्त करने का अवसर प्रदान करता है। महिलाओं की सहभागिता और सृजनशीलता समाज एवं संगठन दोनों को नई दिशा प्रदान करती है।”
महोत्सव के प्रथम दिवस पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ सहभागिता की। गीत गायन, एकल नृत्य, मोनो एक्ट, चित्रकला, रंगोली, मेहंदी एवं वेस्ट मटेरियल आर्ट प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता, कलात्मक कौशल एवं मंचीय प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
गीत गायन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने बॉलीवुड गीतों, लोकगीतों, भजनों एवं अन्य संगीत विधाओं की प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी गायन प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं एकल नृत्य प्रतियोगिता में प्रतिभागियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों की भरपूर सराहना अर्जित की।
मोनो एक्ट प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपने अभिनय कौशल, अभिव्यक्ति क्षमता एवं मंचीय आत्मविश्वास का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
चित्रकला, रंगोली एवं मेहंदी प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों की रचनात्मकता एवं कलात्मक अभिव्यक्ति के विविध रंग देखने को मिले। वहीं वेस्ट मटेरियल आर्ट प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने
अनुपयोगी सामग्रियों को उपयोगी एवं आकर्षक कलाकृतियों में परिवर्तित कर पर्यावरण संरक्षण एवं संसाधनों के पुनः उपयोग का प्रभावी संदेश दिया।विभिन्न प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण मूल्यांकन हेतु प्रतिष्ठित विशेषज्ञों को निर्णायक के रूप में आमंत्रित किया गया था।
गायन प्रतियोगिता के लिए सुश्री खुशबू विश्वकर्मा, व्याख्याता (वोकल संगीत), इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ तथा पंडित देवेंद्र गोस्वामी, संस्थापक एवं संचालक, गोस्वामी म्यूजिक क्लासेस ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
ललित कला (फाइन आर्ट्स) प्रतियोगिताओं के लिए श्रीमती भारती जाजोदिया, सेवानिवृत्त अंग्रेजी शिक्षिका एवं सांस्कृतिक प्रमुख तथा श्री अरुण भांगे, अभिनेता एवं दृश्य-परिकल्पक (Scenographer) ने निर्णायक के रूप में अपनी सेवाएँ प्रदान कीं।
वहीं नृत्य प्रतियोगिता के लिए श्री ऋषिकांत गुप्ता, अंतरराष्ट्रीय लोक नृत्य कलाकार तथा डॉ. कविता गंगबोइर, प्रोफेसर (कथक), डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय निर्णायक के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन एवं उपाध्यक्षगण द्वारा सभी निर्णायकों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
पूरे आयोजन के दौरान प्रतिभागियों का उत्साह, ऊर्जा एवं रचनात्मकता देखने योग्य रही। विभिन्न प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी बहुआयामी प्रतिभाओं का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिससे कार्यक्रम का वातावरण उत्सवमय बना रहा।
उल्लेखनीय है कि “एसईसीएल नारी राग-रंग महोत्सव 2026” महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहन देने तथा आत्मविश्वास को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने की दिशा में श्रद्धा महिला मंडल की एक महत्वपूर्ण पहल है। महोत्सव का द्वितीय एवं अंतिम दिवस 13 जून 2026 को आयोजित होगा, जिसमें समूह गायन, समूह नृत्य, स्टैंड-अप कॉमेडी/मिमिक्री तथा नाटक/स्किट प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।
कार्यक्रम में मंच संचालन श्री विवेक सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन/कल्याण विभाग) द्वारा किया गया।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |
More Stories
[responsive-slider id=1466]
