श्री बाबा रामदेवजी का भव्य रात्रि जागरण श्रद्धा और भक्ति के साथ सम्पन्न
|
😊 Please Share This News 😊
|

भजन संध्या में देर रात तक झूमे श्रद्धालु, 20वीं साइकिल यात्रा के लिए 36 सदस्यीय दल होगे। बेंगलुरु(दलपतसिंह भायल)फूलों की नगरी बेंगलुरु में श्री बाबा रामदेव सर्वधर्म एकता साइकिल यात्री सदस्यों की ओर से श्री बाबा रामदेवजी का भव्य रात्रि जागरण एवं भजन संध्या श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उत्साह के साथ सम्पन्न हुई। राजपुरोहित समाज (रजि.), कर्नाटक-बेंगलुरु के कारी तिम्मनहल्ली स्थित भवन में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, समाजबंधु एवं धर्मप्रेमी परिवार सहित शामिल हुए।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि परम पूज्य संत श्री पुखराजजी महाराज तथा बाबा रामदेव मंदिर, बेगूर के श्री थानारामजी महाराज रहे। संतों एवं अतिथियों के सान्निध्य में पूजा-अर्चना के बाद जागरण का शुभारंभ किया गया। श्रद्धालुओं ने बाबा रामदेवजी, श्री आशापुरा माताजी एवं श्री सोनाणा खेतलाजी के जयकारों के साथ धार्मिक वातावरण को भक्तिमय बना दिया।जागरण के विशेष सहयोगी रघुवीरसिंह रहे, जबकि साइकिल यात्रा में जबराराम माली की ओर से विशेष सहयोग प्रदान किया गया। आयोजकों ने दोनों सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
भजन कलाकारों ने बांधा समां
रात्रि जागरण में राजस्थान एवं कर्नाटक से आए प्रसिद्ध भजन कलाकारों ने अपनी मधुर आवाज में शानदार प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को देर रात तक भक्तिरस में डुबोए रखा। मरुधर स्वर सम्राट गायिका अनिता जांगिड़, पाली, स्वर सम्राट गायक नरपत देवासी, बालोतरा तथा भजन गायक अगराराम देवासी बाकरा, बेंगलुरु ने बाबा रामदेवजी के भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
भजनों के दौरान श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए। बाल कलाकार अवनी पटेल, बेंगलुरु ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का मंच संचालन थानसिंह राजपुरोहित, सराणा ने किया।
20वीं साइकिल यात्रा का शुभारंभ
श्री बाबा रामदेव सर्वधर्म एकता साइकिल यात्री संघ के अध्यक्ष रतनसिंह सोढ़ा ने बताया कि यह बेंगलुरु से रुणीचा धाम तक आयोजित की जा रही 20वीं साइकिल यात्रा है। उन्होंने कहा कि लगातार 20 वर्षों से श्रद्धालु बाबा रामदेवजी के दर्शन के लिए साइकिल यात्रा के माध्यम से धार्मिक आस्था और श्रद्धा का संदेश लेकर यात्रा कर रहे हैं। इस वर्ष 36 सदस्यीय साइकिल यात्री दल बेंगलुरु से रुणीचा धाम के लिए रवाना हुआ।
इस अवसर पर साइकिल यात्रियों के सम्मान में भव्य वरघोड़ा एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। वरघोड़ा हलसूर गेट पुलिस स्टेशन के सामने स्थित विनायका ग्राउंड से प्रारंभ होकर कब्बनपेट, नगरथपेट, चिकपेट, बी.वी.के. अयंगार रोड, बलेपेट, अक्वीपेट एवं श्री बाबा रामदेवजी मंदिर होते हुए कॉटनपेट स्थित चामुंडा माता मंदिर और राजपूत समाज भवन पहुंचा।
वरघोड़े में बड़ी संख्या में समाजबंधु एवं श्रद्धालु शामिल हुए। धार्मिक ध्वजों और जयकारों के साथ निकले वरघोड़े से पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा। मार्ग में श्रद्धालुओं एवं समाजबंधुओं ने साइकिल यात्रियों का स्वागत किया। राजपूत समाज भवन पहुंचने पर 36 सदस्यीय साइकिल यात्री दल का सम्मान एवं अभिनंदन किया गया।
अध्यक्ष रतनसिंह सोढ़ा ने कहा कि साइकिल यात्रा का उद्देश्य श्री बाबा रामदेवजी के प्रति श्रद्धा के साथ-साथ समाज में धार्मिक एकता, भाईचारे और सामाजिक सद्भावना का संदेश देना है। उन्होंने बताया कि हर वर्ष समाज के लोगों और श्रद्धालुओं के सहयोग से यह यात्रा आयोजित की जाती है।कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं, महिलाओं एवं बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। आयोजकों ने जागरण एवं साइकिल यात्रा के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी सहयोगियों, भजन कलाकारों, समाजबंधुओं एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |
[responsive-slider id=1466]
