“विकसित भारत-जन सेवा अभियान-2026” के तहत गिरदावर सर्किल मुख्यालयों पर 26 से 28 सितंबर तक आयोजित होंगे सेवा सेतु शिविर
|
😊 Please Share This News 😊
|

जालोर 25 सितम्बर। “विकसित भारत-जन सेवा अभियान-2026” के तहत जिले के गिरदावर सर्किल मुख्यालयों पर 26 से 28 सितंबर 2026 तक सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों का आयोजन प्रतिदिन प्रातः 9ः30 बजे से शाम 6 बजे तक किया जाएगा।
शिविरों के दौरान आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को सुनकर उनके त्वरित समाधान का प्रयास किया जाएगा। साथ ही पात्र व्यक्तियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान कर उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा। संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शिविरों में उपस्थित रहकर आमजन को सेवाएं उपलब्ध करवाएंगे।
शिविरों की प्रभावी मॉनिटरिंग एवं सफल संचालन के लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर नोडल अधिकारी रहेगें तथा उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार को शिविर प्रभारी नियुक्त किया गया हैं।
जिला कलक्टर ने वीसी के माध्यम से शिविरों के सफल आयोजन को लेकर को दिए निर्देश
शुक्रवार को डीओआईटी सभागार में जिला कलक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे की अध्यक्षता में शिविरों की पूर्व तैयारियों के लेकर समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।
जिला कलक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे ने संबंधित विभागीय एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को विकसित भारत-जन सेवा अभियान 2026 के अंतर्गत आयोजित होने वाले ग्रामीण सेवा शिविर की आवश्यक तैयारियां यथा आयोजन शिविर स्थल, विद्युत एवं पेयजल सुविधा व बैठक व्यवस्था आदि को सुनिश्चित करने तथा अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अतिरिक्त ज़िला कलक्टर राजेंद्र सिंह चांदावत ने शिविर प्रभारी अधिकारियों को प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करते हुए आमजन की समस्याओं के निस्तारण की बात कही।
*शनिवार को इन गिरदावर सर्किल पर शिविरों का होगा आयोजन*
विकसित भारत-जन सेवा अभियान-2026 के तहत जिले के आकोली, सियाणा, बाकरारोड, चांदराई, उम्मेदपुर, गोदन, नोसरा, भाद्राजून, धुम्बडिया सायला, बावतरा, दांसपा, जुंजाणी, मोदरा, दांतलावास, भरूडी, चितरोडी, करडा, चितलवाना, डूंगरी, केरिया, सरनाउ, अरणाय एवं बिजरोल गिरदावर सर्किल पर शिविरों का आयोजन किया जाएगा। शिविरों का आयोजन प्रतिदिन प्रातः 9ः30 बजे से शाम 6 बजे तक किया जाएगा।
22 विभागों के विभिन्न कार्यें होगें- आमजन को मिलेगी राहत
शिविर में राजस्व विभाग द्वारा राजस्व अभिलेखों एवं खातों का शुद्धिकरण, खातों का विभाजन, रास्तों संबंधी प्रकरणों का निस्तारण, नामांतरण (म्यूटेशन), सरकारी एवं चारागाह भूमि से अतिक्रमण हटाने, भूमिहीन किसानों को भूमि आवंटन, खातेदारी अधिकार प्रदान करने, सीमाज्ञान, आबादी विस्तार एवं विभिन्न प्रकार के प्रमाण-पत्र जारी करने की कार्यवाही की जाएगी। राजीविका के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों के गठन, बैंक खाता खुलवाना और बैंक लिंकेज की प्रक्रिया को गति देना। पंचायती राज विभाग द्वारा सामुदायिक स्वच्छता परिसर की स्वीकृतियां जारी की जाएगी, अक्रियाशील सामुदायिक स्वच्छता परिसरों को क्रियाशील बनाया जाएगा, सोख्ते गड्ढे व मैजिक पिट की स्वीकृतियां जारी की जाएगी एवं पूर्व में निर्मित की साफ-सफाई की जाएगी, आरआरसी केन्द्रों को क्रियाशील की जाएगी, ठोस कचरा अपशिष्ट नियम 2026 की जानकारी आमजन को दी जाएगी व ‘स्वच्छता ही सेवा’ गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा मातृ-शिशु स्वास्थ्य जांच, सर्वाईकल कैंसर एवं सिकल सेल स्क्रीनिंग, टीबी जांच, टीकाकरण किया जाएगा। पशुपालन विभाग द्वारा पशु स्वास्थ्य शिविर, टीकाकरण सहित मंगला पशु बीमा योजना के तहत बीमा पॉलिसियां वितरित की जाएगी।
शिविर में ऊर्जा विभाग द्वारा विद्युत सप्लाई, ट्रांसफार्मर एवं बिजली संबंधी शिकायतों का समाधान किया जाएगा। कृषि विभाग द्वारा किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी एवं पात्र मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण किया जाएगा। आयोजना विभाग द्वारा पात्र नागरिकों के जनधन खाते शुरू किए जाएंगे एवं जनाधार योजना से जुडे कार्य किये जाएंगे। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा एनएफएसए से संबंधित लंबित प्रकरणों का निस्तारण, ई-केवाईसी एवं आधार सीडिंग की जाएगी एवं एलपीजी धारकों की आईडी मैप की जाएगी। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा पेंशन सत्यापन, यूडीआईडी कार्ड, कृत्रिम अंग वितरण सहित विभाग संबंधी कार्य किए जाएंगे।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं तक पहुंचाया जाएगा। श्रम विभाग द्वारा निर्माण श्रमिकों के लिए टूलकिट सहायता योजना के आवेदनों का निस्तारण किया जाएगा। जल संसाधन विभाग द्वारा जल निकासी, जलभराव, बांधों एवं अतिक्रमण से संबंधित प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। परिवहन विभाग द्वारा पात्र व्यक्तियों को रोडवेज बसों के लिए रियायती एवं निःशुल्क यात्रा पास जारी किए जाएंगे। सहकारिता विभाग द्वारा किसानों को फसली ऋण योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा। शिक्षा विभाग द्वारा नामांकन वृद्धि, छात्रवृत्ति समस्याओं के समाधान करवाए जाएंगे।
शिविरों में आयुर्वेद एवं भारतीय चिकित्सा पद्धति विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित कर आवश्यक दवाइयों का वितरण किया जाएगा। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भू-जल विभाग द्वारा पेयजल व्यवस्था, हैंडपंप मरम्मत, जल गुणवत्ता जांच तथा पाइपलाइन लीकेज की समस्याओं का निराकरण सहित अन्य विभागीय कार्य किये जाएंगे।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |
More Stories
[responsive-slider id=1466]
