नशे के विरुद्ध जागरूकता संदेश के साथ रेलवे सुरक्षा बल की मोटरसाइकिल रैली रवाना
|
😊 Please Share This News 😊
|

जोधपुर, 27 अक्टूबर। गृह मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में ‘नशे के विरुद्ध’ विजन डॉक्यूमेंट 2026-2029 के तहत अगस्त 2026 से अगस्त 2027 तक प्रस्तावित विशेष अभियान के अंतर्गत उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में रेलवे सुरक्षा बल द्वारा नशा मुक्ति जागरूकता मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर से मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक करणी राम, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ. सुनीता चौधरी, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक पिंटू लाल मीणा सहित अन्य रेलवे अधिकारी उपस्थित रहे। रैली में रेलवे सुरक्षा बल के 35 बल सदस्यों ने जागरूकता अभियान में भाग लिया, जबकि 16 मोटरसाइकिलों पर सवार बल सदस्यों ने नशा मुक्ति का संदेश देते हुए आमजन को जागरूक किया।
रैली मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय से जोशी मार्ग होते हुए रेलवे स्टेशन, रेलवे अस्पताल एवं यूआईटी सर्किल से होकर रेलवे सुरक्षा बल लाइन, जोधपुर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। इस दौरान आमजन, युवाओं एवं रेल यात्रियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।
जोधपुर मंडल की इस जागरूकता पहल का मुख्य संदेश “नशा छोड़ें, जीवन जोड़ें” है। अभियान के माध्यम से बताया जा रहा है कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और सामाजिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। नशे की लत दुर्घटनाओं, आर्थिक परेशानियों एवं विभिन्न सामाजिक समस्याओं का कारण बन सकती है। विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद एवं अन्य सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
रेलवे सुरक्षा बल द्वारा नशे के विरुद्ध जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ ‘ऑपरेशन नारकोस’ के तहत मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई भी जारी है। इस पहल का उद्देश्य आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण में योगदान देना है।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |
More Stories
[responsive-slider id=1466]
