मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट कैंपेन 5.0 के पोस्टर का किया विमोचन
|
😊 Please Share This News 😊
|

जोधपुर-उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (DLC) कैंपेन 5.0 के पोस्टर का विमोचन किया। भारत सरकार के पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग तथा रेल मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत नवंबर माह में जोधपुर मंडल के लगभग 32 स्थानों पर शिविर आयोजित किए जाएंगे।इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक करणी राम, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक पिंटू लाल मीणा, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी सुनीता चौधरी, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव, मंडल वित्त प्रबंधक प्रवीण ईनाणी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।अभियान का उद्देश्य रेलवे पेंशनभोगियों के लिए वार्षिक जीवन प्रमाणपत्र जमा कराने की प्रक्रिया को सरल एवं सुविधाजनक बनाना है। फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक के माध्यम से पेंशनभोगी अपने मोबाइल फोन पर ही डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र बना सकते हैं। इससे उन्हें जीवन प्रमाणपत्र जमा कराने के लिए बैंक जाने की आवश्यकता नहीं रहती।
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक पिंटू लाल मीणा के नेतृत्व में 1 से 30 नवंबर 2026 तक जोधपुर, पाली मारवाड़, फलोदी, मेड़ता रोड, डेगाना, बाड़मेर, नावां, मकराना एवं कुचामन सहित विभिन्न रेलवे स्टेशनों एवं स्वास्थ्य इकाइयों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से पेंशनभोगियों को डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र बनाने में सहायता प्रदान की जाएगी। चयनित शिविर स्थलों पर स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
80 वर्ष एवं इससे अधिक आयु के पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए 27 से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसके तहत 27 से 30 अक्टूबर तक मंडल रेलवे अस्पताल, जोधपुर में सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। शिविरों तक पहुंचने में असमर्थ बुजुर्ग एवं दिव्यांग पेंशनभोगियों को उनके घर पर ही सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास भी किए जाएंगे।जोधपुर मंडल प्रशासन ने सभी रेलवे पेंशनभोगियों से अपील की है कि वे इन शिविरों का लाभ उठाएं तथा समय पर अपना डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र बनवाएं। शिविरों का तिथिवार एवं स्थानवार विस्तृत कार्यक्रम अलग से जारी किया जाएगा। अभियान से संबंधित अधिक जानकारी के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट https://nwr.indianrailways.gov.in पर विजिट किया जा सकता है।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |
[responsive-slider id=1466]
