सांथू ग्राम में वाटिका में गत वर्ष लगाए गए 1100 पौधों का अवलोकन कर ली जानकारी,मुख्य सचेतक के साथ मीडियाकर्मियों ने किया फील्ड भ्रमण।

😊 Please Share This News 😊
|

बांकली बांध का अवलोकन कर भराव क्षमता, गेज, लाभांवित क्षेत्र आदि के बारे में ली जानकारी।
सांथू/जालोर 6 जून। जिले में 5 से 20 जून तक आयोजित किए जा रहे वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत शुक्रवार को सांथू ग्राम व बांकली बांध में मीडिया फील्ड भ्रमण गतिविधि का आयोजन किया गया। सांथू में प्रिन्ट व इलेक्ट्रोनिक मीडियाकर्मियों के साथ राजस्थान विधानसभा के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग भी उपस्थित रहे।सांथू ग्राम में जिला प्रशासन व भामाशाह के संयुक्त प्रयासों से किए गए पर्यावरण संरक्षण कार्यों का मीडियाकर्मियों को विजिट करवाया गया। गौरतलब है कि सांथू ग्राम के भामाशाह दलपत सिंह राजपुरोहित, शांतिलाल राजपुरोहित, रामलाल राजपुरोहित, चंदन सिंह राजपुरोहित व भरत राजपुरोहित ने जिला प्रशासन के सहयोग से सांथू-नून मार्ग स्थित चारागाह भूमि पर बनाई गई वाटिका में पारस पीपल, नीम, शीशम, गुन्दा, पलाश, चीकू, लीची, अमरूद, आम व कटहल सहित विभिन्न प्रजाति के 1100 पौधों का रोपण गत वर्ष राज्य सरकार के ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ के तहत करते हुए पर्यावरण संरक्षण की मिसाल कायम की है। इन पौधों की समस्त देखरेख भामाशाहों द्वारा किया जा रहा हैं। वही जिला परिषद द्वारा चारागाह भूमि पर जीएलआर व ड्रिप द्वारा सिंचाई की व्यवस्था की गई है। फील्ड भ्रमण के दौरान मीडियाकर्मी सहित जिला कलक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नंदकिशोर राजोरा, जालोर प्रधान नारायण सिंह राजपुरोहित, पुखराज विराणा, जितेन्द्र सिंह, रमेश राजपुरोहित, भरत राजपुरोहित, सरपंच मांगीलाल सांथू, मोती सिंह सांथू उपस्थित रहे।
सांथू ग्राम में मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने कहा कि वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान को मीडिया के माध्यम से जन सामान्य तक पहुँचाया जायेगा तथा भामाशाहों के सहयोग से जल व पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
मीडियाकर्मियां ने सन् 1904 में निर्मित बांकली बांध का किया अवलोकन।
फील्ड विजिट के दौरान मीडियाकर्मियों ने जालोर जिले में सन् 1904 में निर्मित बांकली बांध का अवलोकन कर इसके जल ग्रहण क्षेत्र तथा इससे लाभान्वित होने वाले ग्रामों, निकलने वाली नहरों, फाटकों का संचालन, गेज व पेटाकाश्त में हो रही खरबूजों की खेती के बारे में जानकारी ली। मीडियाकर्मियों ने बांध से लाभांवित हो रहे ग्रामीणों से बातचीत की। बांकली बांध से जालोर जिले में आहोर तहसील के 8 ग्राम बांकली, तोड़मी, रेवड़ा कल्ला, घाणा, बिजली, भोरड़ा, रामा व बाला तथा पाली जिले के रोहट तहसील के सिराणा ग्राम में सिंचाई के लिए जल उपलब्ध करवाया जाता है। वही सेलड़ी व पाती की भूमि पर पेटाकाश्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध है।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |
