सुनील मेहता भीनमाल मार्बल एंड ग्रेनाइट एसोसिएशन के अध्यक्ष निर्वाचित, अमावस्या को कारोबार बंद रखने का सर्वसम्मति से निर्णय
|
😊 Please Share This News 😊
|

भीनमाल (मुकेश सोलंकी)। स्थानीय मार्बल एवं ग्रेनाइट व्यवसायियों के हितों की सुरक्षा, संगठन को मजबूत बनाने तथा व्यापार से जुड़े विभिन्न मुद्दों के समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को श्री क्षेमंकरी माता मंदिर प्रांगण में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में सर्वसम्मति से ‘मार्बल एंड ग्रेनाइट एसोसिएशन, भीनमाल’ का गठन करते हुए नई कार्यकारिणी का चुनाव किया गया, जिसमें सुनील मेहता को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया।
हर अमावस्या को बंद रहेगा कारोबार
बैठक में व्यापारियों ने संगठन की मजबूती, आपसी समन्वय, व्यापारिक एकजुटता तथा उद्योग से जुड़े विभिन्न गंभीर विषयों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान एसोसिएशन ने एक बड़ा और महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए घोषणा की कि प्रत्येक अमावस्या के दिन क्षेत्र के सभी मार्बल एवं ग्रेनाइट प्रतिष्ठान पूरी तरह से बंद रखे जाएंगे। इस निर्णय का उद्देश्य सभी व्यवसायियों को संगठनात्मक गतिविधियों, सामूहिक बैठकों एवं अपने सामाजिक दायित्वों में सक्रिय सहभागिता निभाने का अवसर प्रदान करना है।
नई कार्यकारिणी का हुआ गठन
सर्वसम्मति से संपन्न हुई चुनाव प्रक्रिया में संगठन की कमान सौंपते हुए इन पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई जिसमें अध्यक्ष सुनील मेहता,उपाध्यक्ष हीरालाल माली, सचिव अरुण राठी,कोषाध्यक्ष विपिन अग्रवाल, मीडिया प्रभारी छैल सिंह राजपुरोहित बनाया गया । इसके साथ ही संगठन को धरातल पर मजबूत करने के लिए कार्यकारिणी सदस्यों का भी मनोनयन किया गया, जिनमें रामलाल, नारायण माली, प्रकाश, महिपाल सिंह, इकबाल, चतराराम एवं भावेश को शामिल किया गया है। बैठक में मौजूद सभी व्यापारियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का साफा एवं पुष्पमालाएं पहनाकर भव्य स्वागत किया और उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुनील मेहता ने कहा कि एसोसिएशन व्यापारियों के हितों की रक्षा, आपसी समन्वय और संगठन की मजबूती के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी। व्यापार से जुड़ी हर छोटी-बड़ी समस्या को प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा और सभी सदस्यों को साथ लेकर संगठन को एक नई पहचान दिलाई जाएगी।
एकता और सामाजिक सरोकारों का लिया संकल्प
बैठक के दौरान नवनिर्वाचित सचिव अरुण राठी ने कहा कि एसोसिएशन आने वाले समय में नियमित रूप से बैठकें आयोजित करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन किसी भी निर्णय को थोपने के बजाय व्यापारियों के अमूल्य सुझावों के आधार पर ही आगे की कार्ययोजना तैयार करेगा। राठी ने सभी व्यवसायियों से एसोसिएशन की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। बैठक के समापन पर उपस्थित सभी सदस्यों ने एक सुर में संगठन को सशक्त बनाने, व्यापारिक एकता को कायम रखने तथा सामाजिक सरोकारों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का सामूहिक संकल्प लिया।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |
[responsive-slider id=1466]
