जिला कलेक्टर ने की पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों की समीक्षा, दिए निर्देश
|
😊 Please Share This News 😊
|

जालोर 17 नवंबर। आगामी 22 नवंबर को आयोजित होने वाले उप-राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर डॉ. प्रदीप की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स फॉर इम्यूनाइजेशन की बैठक कलेक्ट्रेट सभागर में आयोजित की गई। बैठक में अभियान के सफल संचालन एवं जिले में नियमित टीकाकरण को सुदृढ़ बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिला कलेक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, सभी पात्र बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने तथा उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान के दौरान कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भैराराम जाणी के निर्देशन में जिले के प्रत्येक क्षेत्र एवं लक्षित परिवार तक पहुंच सुनिश्चित करने तथा सभी पात्र बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना एवं विभागीय समन्वय पर जोर दिया गया।बैठक में शहरी कच्ची बस्तियों, ईंट-भट्टों, निर्माण स्थलों, घुमंतू परिवारों एवं प्रवासी श्रमिकों के क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने, माइक्रोप्लान के अनुसार बूथ एवं घर-घर टीकाकरण गतिविधियां संचालित करने तथा छूटे हुए बच्चों का पुनः फॉलोअप करने पर जोर दिया गया। साथ ही नियमित टीकाकरण, पीसीटीएस एवं यू-विन डेटा के समन्वय तथा वैक्सीन के उचित रखरखाव पर भी चर्चा की गई।
बैठक में जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार बाजिया ने पीपीटी के माध्यम से अभियान की तैयारियों, पूर्व टीकाकरण उपलब्धियों एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जिले के 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। जून 2026 के पिछले अभियान में जिले में कुल 3 लाख 63 हजार 276 बच्चों का टीकाकरण किया गया था।
इस अवसर पर बच्चों में निमोनिया की रोकथाम एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सांस (एसएएएनएस) कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन किया गया।इस दौरान अतिरिक्त सीएमएचओ डॉ. चंद्रशेखर गजराज, डीपीएम चरण सिंह, अशोक विश्नोई, ओमप्रकाश चौधरी, मनोहर गोदारा, भंवर परमार, डॉ. सुनील सोलंकी, मेरा युवा भारत से हितेश, डॉ. अमित, वीरेन्द्र आर्य, हरफूल घिंटाला एवं रमेश पन्नू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त रोटरी क्लब, लायंस क्लब, रिक्शा यूनियन, ईंट-भट्टा यूनियन एवं अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में सहभागिता की तथा अभियान के प्रचार-प्रसार एवं जनभागीदारी बढ़ाने में सहयोग का आश्वासन दिया।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |
[responsive-slider id=1466]
