रेल-खेल-कला महाकुंभ रेल परिवार का रंगारंग भव्य समापन,डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने भी सुनाई कविता,कवि सम्मेलन और लंगा पार्टी की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
|
😊 Please Share This News 😊
|

जोधपुर, 29 नवंबर। कहीं वीर रस की हुंकार तो कहीं हास्य-व्यंग्य की फुलझड़ियां,कहीं कविताओं की भावपूर्ण अभिव्यक्ति तो कहीं ‘केसरिया बालम पधारो म्हारे देश’ की मधुर स्वर लहरियां… खेल,कला,साहित्य और राजस्थानी लोक संस्कृति के रंगों से सजी शाम ने रेल परिवार के महाकुंभ के समापन को यादगार बना दिया। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में पहली बार आयोजित रेल-खेल-कला-साहित्य एवं स्वास्थ्य परिवार कल्याण महाकुंभ-2026 का शनिवार को रेलवे स्टेडियम में भव्य समापन हुआ।
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी की पहल पर 16 से 20 नवंबर तक आयोजित इस पांच दिवसीय महाकुंभ में 1515 रेल कर्मचारियों ने भाग लिया।समापन समारोह में डीआरएम अनुराग त्रिपाठी मुख्य अतिथि तथा महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती निष्ठा त्रिपाठी विशिष्ट अतिथि रहीं। अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम ने प्रारंभ में अतिथियों का स्वागत किया।
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि रेलवे की सबसे बड़ी ताकत उसके कर्मचारी हैं। ऐसे आयोजन कर्मचारियों को नियमित कार्य के अतिरिक्त अपनी छिपी हुई प्रतिभाओं को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं। खेल,कला,साहित्य एवं सांस्कृतिक गतिविधियां कर्मचारियों में सकारात्मक ऊर्जा,आपसी समन्वय,टीम भावना और संगठन के प्रति अपनत्व को मजबूत करती हैं।
महाकुंभ के दौरान 15 सांस्कृतिक एवं साहित्यिक तथा 27 खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विभिन्न स्पर्धाओं के 164 विजेताओं के साथ क्रिकेट की विजेता एवं उपविजेता टीमों के 32 खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।
डीआरएम ने भी सुनाई कविता,खूब बजीं तालियां
सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण कवि सम्मेलन रहा। कवि गजेंद्र सिंह कविया,अशोक चारण,मेघश्याम और कवयित्री कविता किरण ने हास्य,व्यंग्य,देशभक्ति और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। काव्य रस में डूबे माहौल के बीच डीआरएम अनुराग त्रिपाठी भी स्वयं को कविता पाठ करने से नहीं रोक सके। उनकी प्रस्तुति पर भी खूब तालियां बजीं। लंगा पार्टी ने ‘केसरिया बालम पधारो म्हारे देश’ सहित राजस्थानी लोकगीतों की शानदार प्रस्तुतियों से मरुधरा की सांस्कृतिक विरासत के रंग बिखेरे। रेल कर्मचारियों ने भी गायन और संगीत प्रस्तुतियों से अपनी प्रतिभा दिखाई।
डीआरएम ने आयोजन को सफल बनाने वाले अधिकारियों,कर्मचारियों,आयोजन समितियों,कलाकारों,खिलाड़ियों और उनके परिवारजनों का आभार जताया।इस उपलक्ष्य में रेलवे स्टेडियम को रंगबिरंगी रोशनी से सजाया गया जहां रेलकर्मियों और परिजनों का सैलाब उमड़ पड़ा।
स्वास्थ्य और प्रतिभा दोनों को मिला महत्व
महाकुंभ के तहत आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर में 205 कर्मचारियों ने स्वास्थ्य परीक्षण करवाया। डीआरएम ने कहा कि रेलवे की सबसे बड़ी ताकत उसके कर्मचारी हैं। ऐसे आयोजन उनकी छिपी प्रतिभाओं को मंच देने के साथ आपसी समन्वय,टीम भावना और संगठन के प्रति अपनत्व को मजबूत करते हैं।कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ. सुनीता चौधरी ने पांच दिवसीय आयोजन की उपलब्धियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |
More Stories
[responsive-slider id=1466]
