ऑनलाइन फार्मेसी के खिलाफ भीनमाल में मेडिकल स्टोर पूरी तरह बंद; प्रधानमंत्री के नाम तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
|
😊 Please Share This News 😊
|

भीनमाल (मुकेश सोलंकी)। ई-फार्मेसी (ऑनलाइन दवाओं की बिक्री) और नकली दवाओं के कारोबार के खिलाफ भीनमाल कैमिस्ट एसोसिएशन ने मोर्चा खोल दिया है । एसोसिएशन के आह्वान पर क्षेत्र के सभी मेडिकल स्टोर पूरी तरह बंद रहे। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री के नाम तहसीलदार को एक ज्ञापन सौंपकर देश में ऑनलाइन फार्मेसी पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने की मांग की।
बिना डॉक्टर के पर्चे के बिक रही नशीली और एंटीबायोटिक दवाएं
कैमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष रमेश दवे और सचिव मूलसिंह राव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में केमिस्ट तहसील कार्यालय पहुंचे। मीडिया प्रभारी कृष्ण मोदी ने बताया कि ई-फार्मेसी प्लेटफॉर्म्स पर बिना किसी वैध प्रिस्क्रिप्शन (डॉक्टर के पर्चे) के धड़ल्ले से नशीली और भारी मात्रा में एंटीबायोटिक दवाएं बेची जा रही हैं। इससे युवाओं में नशे की लत बढ़ रही है और लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है । एसोसिएशन ने मांग की है कि देश और जनता के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सरकार इस पर तुरंत सख्त कदम उठाए।
नकली दवाओं के कारोबार पर लगे लगाम
प्रदर्शन के दौरान केमिस्ट संजीव माथुर ने कहा कि ऑनलाइन माध्यमों से नकली और अवैध दवाओं की बिक्री का ग्राफ तेजी से बढ़ा है, जिसे रोकने में मौजूदा तंत्र विफल साबित हो रहा है। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने ऑनलाइन फार्मेसी पर पूर्ण प्रतिबंध नहीं लगाया और नकली दवा बेचने वालों पर त्वरित कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
प्रदर्शन में सैकड़ों केमिस्ट रहे मौजूद
इस देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के समर्थन में भीनमाल के सभी छोटे-बड़े मेडिकल स्टोर बंद रहने से मरीजों को दवाइयों के लिए थोड़ी परेशानी जरूर हुई, लेकिन केमिस्टों ने एकजुटता दिखाकर सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाई। इस अवसर पर कैमिस्ट एसोसिएशन के संरक्षक मुकेश बाफना, गुमान सिंह राव, कमल शर्मा, धुखाराम चौधरी, चेनराज परमार, परखाराम चौधरी, सह-सचिव हीरालाल घांची, उपाध्यक्ष वचनाराम पुरोहित, गेमाराम चौधरी, अमीन खान, नरेंद्र सिंह गोहिल, मदेश चौधरी, प्रदीप जाट, जावेद खान, पहलवान खान, मदन माली सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय केमिस्ट और दवा व्यवसायी उपस्थित रहे।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |
[responsive-slider id=1466]
