बिना अनुमति निर्माण पर नगरपालिका का शिकंजा, निंबाली फाटक क्षेत्र में निर्माण कार्य रुकवाया
|
😊 Please Share This News 😊
|

ईओ रवि कुमार खन्ना के निर्देश पर कार्रवाई, संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी; नियमों की अनदेखी करने वालों को दी सख्त चेतावनी भीनमाल (विक्रम राठी) शहर में बिना नगरपालिका की स्वीकृति के किए जा रहे अवैध निर्माण कार्यों के खिलाफ नगरपालिका प्रशासन ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में निंबाली फाटक क्षेत्र में बिना अनुमति संचालित हो रहे एक निर्माण कार्य पर अधिशाषी अधिकारी रवि कुमार खन्ना के निर्देश पर नगरपालिका टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया। साथ ही संबंधित व्यक्ति को कारण बताओ नोटिस जारी कर नियमानुसार जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।जानकारी के अनुसार, नगरपालिका प्रशासन को सूचना मिली थी कि निंबाली फाटक क्षेत्र में बिना किसी वैध स्वीकृति के निर्माण कार्य किया जा रहा है। सूचना मिलते ही अधिशाषी अधिकारी रवि कुमार खन्ना ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नगरपालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम को मौके पर भेजा। टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की जांच की, जिसमें आवश्यक अनुमति और स्वीकृति नहीं मिलने पर निर्माण कार्य को तत्काल बंद करवाया गया।नगरपालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नगर क्षेत्र में किसी भी प्रकार का भवन निर्माण, व्यावसायिक प्रतिष्ठान, मकान अथवा अन्य निर्माण कार्य शुरू करने से पूर्व नगरपालिका से नियमानुसार स्वीकृति लेना अनिवार्य है। बिना अनुमति निर्माण करना नगर नियोजन एवं नगरपालिका नियमों का उल्लंघन है, जिस पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अधिशाषी अधिकारी रवि कुमार खन्ना ने कहा कि शहर में अवैध निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगरवासियों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले आवश्यक अनुमति अवश्य प्राप्त करें। यदि कोई व्यक्ति नियमों की अवहेलना करते हुए बिना स्वीकृति निर्माण करता पाया गया तो उसके विरुद्ध नोटिस जारी करने, निर्माण कार्य रुकवाने तथा आवश्यक होने पर ध्वस्तीकरण सहित नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि नगरपालिका क्षेत्र में चल रहे अन्य निर्माण कार्यों की भी जांच करवाई जाएगी। यदि कहीं भी बिना अनुमति निर्माण होता पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से बिना अनुमति निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम नागरिकों ने शहर में सुव्यवस्थित एवं नियमानुसार विकास सुनिश्चित करने की दिशा में नगरपालिका की पहल का स्वागत किया है।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |
[responsive-slider id=1466]
