जालंधरनाथ मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव बना शिक्षा का संबल, पीएम श्री विद्यालय को मिले ₹2.51 लाख
|
😊 Please Share This News 😊
|

धार्मिक आयोजन की पूर्णाहुति पर ग्रामवासियों ने पेश की अनूठी मिसाल, शिक्षा विकास के लिए सौंपा सहयोग राशि का चेक बागरा/जालौर (विक्रम राठी) धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सरोकार निभाने की प्रेरणादायी मिसाल पेश करते हुए बागरा ग्रामवासियों ने श्री जालंधरनाथजी महाराज एवं पीर श्री शांतिनाथजी महाराज के नवनिर्मित मंदिर के भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की पूर्णाहुति पर गांव की शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने का संकल्प लिया। महोत्सव समिति एवं ग्रामवासियों ने पीएम श्री राजेंद्र सूरी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बागरा के विकास कोष के लिए ₹2 लाख 51 हजार की सहयोग राशि भेंट की। इस पहल की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों ने यह निर्णय लिया कि धार्मिक आयोजनों को केवल पूजा-अर्चना तक सीमित न रखते हुए समाजहित के कार्यों से भी जोड़ा जाए। इसी सोच के साथ विद्यालय के विकास के लिए यह सहयोग राशि प्रदान की गई, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक संसाधन, आधुनिक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके।
विद्यालय के प्रधानाचार्य खीम सिंह राठौड़ ने ग्रामवासियों एवं मंदिर प्रतिष्ठा महोत्सव समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति का आधार शिक्षा है। यदि धर्म, संस्कृति और शिक्षा तीनों को समान महत्व दिया जाए तो समाज विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है। उन्होंने बताया कि प्राप्त सहयोग राशि का उपयोग विद्यालय में विद्यार्थियों के हित, शैक्षणिक संसाधनों के विस्तार, आवश्यक सुविधाओं के विकास तथा शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पीर श्री शांतिनाथजी महाराज का शिक्षा के प्रति विशेष अनुराग और सकारात्मक दृष्टिकोण रहा है। उनकी पावन स्मृति में दिया गया यह शिक्षा दान आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बनेगा। यह सहयोग विद्यार्थियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा और समाज में शिक्षा के प्रति जनभागीदारी को भी बढ़ावा देगा।
प्रधानाचार्य ने कहा कि गांव और विद्यालय के बीच इस प्रकार का सहयोग ग्रामीण शिक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। जब पूरा समाज शिक्षा के लिए एकजुट होकर आगे आता है, तब विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान मिलती है और गांव का भविष्य भी सशक्त बनता है।
सहयोग राशि भेंट करने के अवसर पर मंदिर प्रतिष्ठा महोत्सव समिति एवं ग्रामवासियों ने विद्यालय के संस्था प्रधान खीम सिंह राठौड़ को साफा एवं माला पहनाकर सम्मानित किया तथा सहयोग राशि का चेक सौंपा। समारोह में हस्तीमल अग्रवाल, भभूत सिंह जोरावत, रामगोपाल अग्रवाल, जय सिंह दहिया, भावाराम, भेराराम देवासी, सोहन सिंह काबावत, महिपाल सिंह सिंघल, देवेंद्र सिंह देवड़ा, धूड़ाराम सुथार सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ, ग्रामीणजन एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बागरा ग्रामवासियों की यह पहल केवल आर्थिक सहयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि जब धार्मिक आस्था के साथ शिक्षा और समाजहित को जोड़ा जाता है, तब विकास की नई और प्रेरणादायी परंपरा जन्म लेती है। गांव की यह अनूठी पहल अन्य ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन गई है।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |
More Stories
[responsive-slider id=1466]
